Kanpur: कार न मिलने पर लड़के पक्ष ने निकाह से किया मना, शादी टूटता देख युवती के पिता की सदमे से हुई मौत, पढ़ें पूरी खबर
कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में बेटी की शादी की तारीख तय करने गए मजदूर पिता से लड़के पक्ष ने दहेज में कार और 5 लाख की अतिरिक्त मांग कर दी। असमर्थता जताई तो लड़के पक्ष ने निकाह करने से मना कर दिया। हाथ-पैर जोड़ने के बावजूद लड़का पक्ष नहीं पसीजा और युवती के पिता को अभद्रता कर घर से भगा दिया। पिता सदमे से बेहोश हो गए। रिश्तेदार उन्हें कॉर्डियोलॉजी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई।
कर्नलगंज केले वाली मस्जिद के पास रहने वाले साजुद्दीन मजदूरी करते थे। परिवार में पत्नी, दो बेटे व तीन बेटियां हैं। भांजे नौशाद ने बताया कि साजुद्दीन ने दूसरे नंबर की बेटी का निकाह बगाही निवासी रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत युवक से तय किया था। दोनों पक्षों के बीच लेन-देन तय होने के बाद रोका की रस्म पूरी हो चुकी थी। नवंबर में शादी होनी थी।
लड़के पक्ष ने सोमवार को निकाह की तारीख और लेनदेन के लिए बुलाया था। जिस पर साजुद्दीन और नौशाद रिश्तेदारों संग लड़के के घर पहुंचे। आरोप है कि लड़के पक्ष की ओर से दहेज में एक कार व 5 लाख रुपये नकदी की मांग की गई, जिस पर साजुद्दीन ने असमर्थता जताई। जिसके बाद लड़के पक्ष ने निकाह करने से मना कर दिया। अभद्रता कर घर से निकाल दिया।
बेटी की शादी टूटती देखा साजुद्दीन सदमे में आ गए और गश खाकर गिर पड़े। रिश्तेदार उन्हें कॉर्डियोलॉजी ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। भांजे नौशाद ने लड़के पक्ष के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment